ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- नगर पंचायत अर्की के वार्ड नंबर-3 में पार्किंग स्थल से ग्वालीन परिवार चौक तक जाने वाली सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। जगह-जगह गड्ढों और उखड़ी हुई सड़क के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सड़क की सतह से ऊपर बने सीवरेज चैम्बर दुर्घटनाओं के खतरे को और बढ़ा रहे हैं।

यह सड़क नगर पंचायत के साथ-साथ ग्राम पंचायत रोहांज-जलाणा, पलोग और खनलग को भी जोड़ती है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन और राहगीर गुजरते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खस्ताहाल स्थिति के कारण पहले ही आवाजाही मुश्किल बनी हुई है, लेकिन अब सड़क से ऊपर निकले सीवरेज चैम्बर दोपहिया और चौपहिया वाहनों के लिए गंभीर खतरा बन गए हैं। बरसात और रात के समय दुर्घटना की आशंका और अधिक बढ़ जाती है।

प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले अधिवक्ता तिलकराज शर्मा, अजय सिंह कौशल, राकेश शर्मा, ओम प्रकाश शर्मा,देवराज,खेमराज,धीरज शर्मा,राजेन्द्र कुमार तथा सामाजिक कार्यकर्ता सुमित शर्मा सहित अन्य स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों से सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने और सड़क की सतह से ऊपर बने सीवरेज चैम्बरों को समतल कर सुरक्षित बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

विभागों ने दिया जल्द समाधान का भरोसा…
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता के.के. चौहान ने बताया कि सड़क की मरम्मत का कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा तथा समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

वहीं, जल शक्ति विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कुछ सीवरेज चैम्बर सड़क की सतह से ऊपर पाए गए हैं। इन्हें ठीक करने के लिए संबंधित ठेकेदार को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। हालांकि ठेकेदार का भुगतान लंबित होने के कारण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। भुगतान होते ही चैम्बरों को सड़क की सतह के बराबर लाने का कार्य कराया जाएगा।



