ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। डीसीएम लैंड ऑफ गॉड्स स्कूल, अर्की ने अपनी स्थापना के 80 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। शिविर में क्षेत्र के करीब 500 लोगों ने स्वास्थ्य जांच करवाई, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया तथा निःशुल्क दवाइयों का लाभ उठाया।

विद्यालय की प्रिंसिपल रीना पांटा ने बताया कि समाज सेवा की भावना से आयोजित इस शिविर में विभिन्न चिकित्सा विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। ऑर्थोपेडिक्स विभाग से डॉ. भास्कर मोहन पाटिल (एचओडी), मेडिसिन विभाग से डॉ. सर्वेश एवं डॉ. पंकज, गायनेकोलॉजी विभाग से डॉ. सानिध्य, फिजियोथेरेपी विभाग से डॉ. नितेश वर्मा, पीडियाट्रिक्स विभाग से डॉ. दिव्या राणा, नेत्र रोग विभाग से डॉ. अंतरा एवं श्रेया नारंग, जबकि ईएनटी विभाग से डॉ. आदित्य ठाकुर ने लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के संबंध में सलाह प्राप्त की। स्थानीय लोगों ने विद्यालय की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत लाभदायक साबित होते हैं, क्योंकि उन्हें एक ही स्थान पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध हो जाती हैं।
प्रिंसिपल रीना पांटा ने स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, स्वयंसेवकों तथा स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डीसीएम लैंड ऑफ गॉड्स स्कूल शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभाता रहा है और भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।




