ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत पलोग के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपप्रधान वेद प्रकाश चौहान की अध्यक्षता में स्थानीय विधायक संजय अवस्थी से मुलाकात कर शिमला–जावड़ा–पलोग बस रूट पर अतिरिक्त बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई। इस संबंध में विधायक को एक ज्ञापन भी सौंपा गया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जावड़ा, दोची, घ्याना, घाट, पलोग, राहु सहित आसपास के गांवों के लिए वर्तमान में शिमला से पलोग तक केवल एक ही बस सेवा उपलब्ध है, जो शाम 5:45 बजे शिमला से चलती है तथा अगले दिन सुबह 7:30 बजे पलोग से वापस शिमला लौटती है। इसके कारण क्षेत्र के लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि बस सुविधा के अभाव में आईजीएमसी शिमला में उपचार के लिए आने वाले मरीजों, स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों तथा शिमला स्थित विभिन्न सरकारी और निजी कार्यालयों में कार्यरत लोगों को समय पर अपने घर लौटने में कठिनाई होती है।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि शिमला से प्रतिदिन दोपहर 3:00 से 3:30 बजे के बीच पलोग के लिए एक अतिरिक्त बस चलाई जाए। उनका कहना था कि इससे मरीजों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों तथा अन्य यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही सुझाव दिया गया कि यह बस पलोग से शाम 4:30 से 4:45 बजे के बीच शिमला के लिए वापस रवाना की जाए।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल पूर्व प्रधान योगेश चौहान,नंदलाल शर्मा,मस्त राम शर्मा, प्रेम शर्मा,मनोहर लाल शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि अतिरिक्त बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होगा। ज्ञापन पर ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर शीघ्र अतिरिक्त बस सेवा शुरू करने की मांग की।
इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वह इस संबंध में परिवहन विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर उचित कदम उठाएंगे, ताकि क्षेत्र के लोगों की समस्या का समाधान किया जा सके।



