अर्की में सोशल मीडिया के दुरुपयोग, बढ़ते नशे और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर जागरूक नागरिकों ने एसडीएम व विधायक को सौंपा ज्ञापन

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- सोशल मीडिया के बढ़ते दुरुपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाने, प्रदेश में बढ़ते नशे के प्रकोप पर सख्त कार्रवाई, अर्की क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा नगर में होमगार्ड के जवानों की स्थायी तैनाती की मांग को लेकर वीरवार को जागरूक नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपमंडलाधिकारी (नागरिक) अर्की को ज्ञापन सौंपा।

विरासत संगठन संग उनकी अध्यक्ष एवं समाजसेविका मयूराक्षी सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन के दौरान अर्की नगर सहित आसपास की विभिन्न पंचायतों से आई बड़ी संख्या में महिलाओं, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों ने भाग लिया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अभद्र भाषा का प्रयोग, आपत्तिजनक टिप्पणियां, चरित्र हनन, भ्रामक सूचनाओं का प्रसार तथा समाज में वैमनस्य फैलाने वाली गतिविधियां चिंता का विषय हैं।

उन्होंने ऐसे मामलों में त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई, साइबर अपराधों की प्रभावी निगरानी, शिकायतों के शीघ्र निस्तारण तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित कानूनों को और प्रभावी बनाने की मांग की। ज्ञापन में प्रदेश में बढ़ते नशे के प्रकोप पर भी गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए नशा तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा विद्यालयों, महाविद्यालयों और पंचायत स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का आग्रह किया गया। इसके अतिरिक्त अर्की क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और नगर में होमगार्ड के जवानों की स्थायी तैनाती सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।


एसडीएम को ज्ञापन सौंपने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय विधायक संजय अवस्थी से भी मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के संबंध में कथित रूप से अभद्र भाषा के प्रयोग तथा आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का मामला उनके समक्ष उठाते हुए उचित कार्रवाई की मांग की।

विधायक संजय अवस्थी ने सभी की बात गंभीरता से सुनी और आश्वासन दिया कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा स्थानीय थाना प्रभारी को भी उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page