ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज़- ग्राम पंचायत घनागुघाट में नव-निर्वाचित वार्ड सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह के दौरान नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेते हुए पंचायत के सर्वांगीण विकास, पारदर्शिता, ईमानदारी तथा जनसेवा के लिए पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत की प्रधान आशा ठाकुर ने नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में उपप्रधान हरीश कुमार शर्मा, ग्राम रोजगार सेवक (जीआरएस) मोहन लाल सहित पंचायत के अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में पंचायतवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए ग्राम पंचायत के विकास कार्यों को गति देने तथा आपसी सहयोग और समन्वय के साथ जनहित में कार्य करने का संकल्प दोहराया।

प्रधान आशा ठाकुर और उपप्रधान हरीश शर्मा ने कहा कि पंचायत का नया कार्यकाल विकास, पारदर्शिता, जनभागीदारी और जनकल्याण को समर्पित रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों से ग्राम पंचायत घनागुघाट विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी।


