होमगार्ड जवानों को भी मिले सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक भविष्य : जोगिंदर सिंह चौड़िया

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़-  हिमाचल प्रदेश होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने राज्य के हजारों होमगार्ड जवानों के भविष्य, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार से ठोस नीति बनाने की मांग उठाई है।

एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह चौड़िया ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि होमगार्ड जवान वर्षों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने, चुनाव ड्यूटी, आपदा प्रबंधन, वीआईपी सुरक्षा, धार्मिक आयोजनों तथा विभिन्न जनसेवा कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन आज भी उन्हें अन्य विभागों के कर्मचारियों की तरह सामाजिक सुरक्षा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।


उन्होंने कहा कि अन्य विभागों के कर्मचारियों को कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ), बीमा, पेंशन तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलता है, जबकि लंबे समय से सेवाएं देने वाले होमगार्ड जवान अस्थायी रोजगार, सीमित सुविधाओं और अनिश्चित भविष्य के साथ जीवन यापन करने को विवश हैं।
जोगिंदर सिंह चौड़िया ने कहा कि होमगार्ड जवान भी समाज और देश के जिम्मेदार नागरिक हैं। उनके भी परिवार, जिम्मेदारियां और भविष्य से जुड़ी चिंताएं हैं। इसलिए उनके लिए बेहतर सेवा शर्तें, उचित मानदेय, कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ), बीमा, पेंशन तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को लागू किया जाना चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि एसोसिएशन किसी के विरोध में नहीं है, बल्कि केवल यह मांग कर रही है कि वर्षों तक राज्य और समाज की सेवा करने वाले होमगार्ड जवानों को भी सम्मानजनक जीवन, सामाजिक सुरक्षा और सुरक्षित भविष्य का अधिकार मिले।
प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार एवं संबंधित विभागों से इस विषय पर संवेदनशीलता के साथ विचार कर होमगार्ड जवानों के हित में शीघ्र सकारात्मक एवं ठोस कदम उठाने की अपील की।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page