ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स फेडरेशन, खंड अर्की के प्रेस सचिव रोशन लाल वर्मा ने सभी सेवानिवृत्त पेंशनरों से 1 जुलाई 2026 से अपना जीवित प्रमाण पत्र संबंधित कोषाधिकारी कार्यालय में जमा करवाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि प्रमाण पत्र उसी कार्यालय में जमा करना होगा, जहां से पेंशन का भुगतान किया जाता है।

रोशन लाल वर्मा ने बताया कि जीवित प्रमाण पत्र के प्रपत्र संबंधित कोषाधिकारी कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। प्रपत्र भरते समय पेंशनर अपनी पीपीओ संख्या, पेंशन संख्या, आधार संख्या तथा मोबाइल नंबर अवश्य अंकित करें, ताकि अभिलेखों का सत्यापन सुचारू रूप से किया जा सके।

उन्होंने विशेष रूप से पारिवारिक पेंशन प्राप्त करने वाले लाभार्थियों से आग्रह किया कि वे अपना पेंशन नंबर अवश्य दर्ज करें। इससे 65 वर्ष एवं 70 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर मिलने वाले अतिरिक्त पेंशन लाभ समय पर प्राप्त हो सकेंगे।

उन्होंने बताया कि जो पेंशनर अस्वस्थ हैं अथवा चलने-फिरने में असमर्थ हैं, वे अपना जीवित प्रमाण पत्र भरकर पंचायत सचिव, पटवारी अथवा जिस बैंक से पेंशन प्राप्त कर रहे हैं, वहां से सत्यापित करवाकर संबंधित कोषाधिकारी कार्यालय में भिजवा सकते हैं।

पेंशनर्स फेडरेशन ने सभी पेंशनरों से समय पर जीवित प्रमाण पत्र जमा करवाने की अपील की है, ताकि पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की असुविधा न हो।



