दाड़लाघाट कॉलेज में कॉमर्स विषय बहाल करने की मांग, पीटीए अध्यक्ष नरेंद्र हांडा ने सरकार से किया आग्रह

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में वाणिज्य (कॉमर्स) विषय में नए प्रवेश बंद किए जाने के निर्णय का पीटीए अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत चमाकड़ी के प्रधान नरेंद्र हांडा ने विरोध जताया है। उन्होंने सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार कर कॉमर्स विभाग को पुनः शुरू करने की मांग की है।


नरेंद्र हांडा ने कहा कि हाल ही में जारी आदेशों के तहत दाड़लाघाट कॉलेज में कॉमर्स विषय में नए प्रवेशों पर रोक लगा दी गई है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय छात्र हितों के विपरीत है तथा इससे विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।


उन्होंने बताया कि कॉमर्स विषय में शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक विद्यार्थियों को अब अर्की, सोलन अथवा शिमला जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के कॉलेजों में प्रवेश लेना पड़ेगा। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा तथा समय की भी हानि होगी।


नरेंद्र हांडा ने कहा कि दाड़लाघाट में करोड़ों रुपये की लागत से महाविद्यालय भवन का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन यदि प्रमुख विषयों में ही प्रवेश बंद कर दिए जाएंगे तो इसका पूरा लाभ विद्यार्थियों को नहीं मिल पाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में विद्यार्थी वाणिज्य विषय में उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं और उनके लिए स्थानीय स्तर पर यह सुविधा उपलब्ध रहनी चाहिए।


उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए दाड़लाघाट कॉलेज में वाणिज्य विषय को पुनः बहाल किया जाए तथा नए प्रवेशों की प्रक्रिया फिर से शुरू की जाए, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल सके।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page