दाड़लाघाट महाविद्यालय की होनहार बेटियों का शानदार प्रदर्शन, बीए तृतीय वर्ष में हासिल किए शीर्ष स्थान

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट के बीए तृतीय वर्ष का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। महाविद्यालय की छात्रा चंदन ने 8.80 सीजीपीए प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं नीलम दूसरे, अंकिता तीसरे तथा रीना चौथे स्थान पर रहीं।


महाविद्यालय के राजनीति शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि चंदन ने राजनीति शास्त्र विषय में 100 में से 93 अंक प्राप्त किए, जबकि नीलम ने सर्वाधिक 97 अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि राजनीति शास्त्र विषय के 23 विद्यार्थियों में से चार विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, जो विभाग के लिए गर्व का विषय है।
अन्य विषयों में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। दिव्या ठाकुर ने हिंदी विषय में सर्वाधिक 92 अंक, हर्षा ने इतिहास विषय में 96 अंक तथा अंकिता ने समाजशास्त्र और अर्थशास्त्र में क्रमशः 88 और 87 अंक प्राप्त किए।


डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने विद्यार्थियों की सफलता का श्रेय उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन को दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी लगन और समर्पण से उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि महाविद्यालय अपने शैक्षणिक लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए महाविद्यालय का समस्त प्राध्यापक वर्ग पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है।


उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया भी जारी है। उल्लेखनीय है कि परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विद्यार्थी महाविद्यालय के एकेडमिक स्टार ग्रुप का हिस्सा रहे हैं। यह समूह विद्यार्थियों को परीक्षा की बेहतर तैयारी और उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करता है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page