ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत भूमती के युवा मयंक शर्मा ने भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर अपने परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।

मयंक अपने गांव से भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनने वाले पहले युवा हैं, जिससे पंचायत क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
मयंक के पिता भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। उनके भाई वर्तमान में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। परिवार की देशसेवा और अनुशासन की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मयंक ने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।

पूर्व बीडीसी सदस्य एवं मयंक की चाची आशा शर्मा ने कहा कि यह पूरे परिवार और ग्रामवासियों के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है। मयंक की सफलता न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि मयंक देश सेवा के साथ-साथ भविष्य में और भी ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे।

इस अवसर पर स्थानीय पंचायत के नवनिर्वाचित उपप्रधान विनय शर्मा, पूर्व पंचायत प्रधान योगेश गौतम, भुवनेश्वर शर्मा,नवीन शर्मा,विनोद शर्मा, हेतराम शास्त्री, सतीश शर्मा, अरुण शर्मा, मुकेश शर्मा, रघुनाथ शर्मा, रामनाथ शर्मा, दीनानाथ शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, कुनाल शर्मा, अकुल शर्मा, हिमांशु शर्मा, ललित शर्मा, चंद्रकांता शर्मा, देवेश शर्मा, जयचंद शर्मा, गौरव शर्मा, वाशी शर्मा, जतिन, धीरज, सौरभ, दुष्यंत सहित समस्त ग्रामवासियों ने मयंक शर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ग्रामवासियों ने कहा कि मयंक की यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह साबित करती है कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने मयंक के उज्ज्वल भविष्य और सफल सैन्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।



