ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- उपमंडल अर्की के कहडोग गांव की बेटी लेफ्टिनेंट प्रगति ठाकुर ने एक बार फिर हिमाचल प्रदेश और पूरे क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। भारतीय सेना की आर्टिलरी रेजिमेंट में सेवाएं दे रहीं प्रगति ठाकुर ने प्रतिष्ठित “बेस्ट आर्टिलरी यंग ऑफिसर-सिल्वर गन ट्रॉफी” हासिल कर नया इतिहास रच दिया है।

प्रगति के पिता एवं भारतीय सेना से सेवानिवृत्त ऑनरेरी कैप्टन बालक राम ठाकुर ने बताया कि वह यह सम्मान प्राप्त करने वाली पहली महिला अधिकारी बन गई हैं। इससे पहले यह उपलब्धि केवल पुरुष अधिकारियों के नाम रही है।

प्रगति ठाकुर ने यह गौरवपूर्ण उपलब्धि भारतीय सेना के स्कूल ऑफ आर्टिलरी में आयोजित यंग ऑफिसर्स कोर्स के दौरान अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर हासिल की। यह ट्रॉफी आर्टिलरी रेजिमेंट के युवा अधिकारियों को उनके नेतृत्व, सैन्य कौशल, पेशेवर दक्षता तथा प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रदान की जाती है।
इससे पहले मार्च 2025 में भी प्रगति ठाकुर ने चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) की पासिंग आउट परेड में पूरे बैच में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रतिष्ठित गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।

वह अकादमी में अकादमी अंडर ऑफिसर (एयूओ) भी रहीं, जो कैडेट्स के लिए सबसे वरिष्ठ और सम्मानजनक पद माना जाता है। ओटीए में गोल्ड मेडल जीतने के बाद अब सिल्वर गन ट्रॉफी हासिल कर उन्होंने अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और सैन्य दक्षता का एक बार फिर लोहा मनवाया है।

प्रगति ठाकुर अर्की के कहडोग गांव से संबंध रखती हैं। उनके पिता ऑनरेरी कैप्टन बालक राम ठाकुर भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि माता मीना ठाकुर गृहिणी हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय जतोग से प्राप्त की तथा बाद में संजौली कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल की। इसके पश्चात उन्होंने संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षा उत्तीर्ण की और सेवा चयन बोर्ड (एसएसबी) की कठिन चयन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पार कर भारतीय सेना में अधिकारी बनने का सपना साकार किया।

प्रगति ठाकुर की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे अर्की क्षेत्र, जिला सोलन और हिमाचल प्रदेश में खुशी की लहर है। उनकी सफलता ने प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए एक नई प्रेरणा प्रस्तुत की है। क्षेत्र के लोगों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों तथा सामाजिक संगठनों ने उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।




