ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- उपमंडल मुख्यालय स्थित एसडीएम कार्यालय के सभागार में रविवार को विकास खंड कुनिहार के अंतर्गत नवनिर्वाचित 23 पंचायत समिति (बीडीसी) सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। एसडीएम अर्की निशांत तोमर ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ ग्रहण करवाई।

इस अवसर पर एसडीएम निशांत तोमर ने सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायत समिति सदस्य ग्रामीण विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सदस्यों से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों ने कहा कि जिन क्षेत्रों से जनता ने उन्हें चुनकर पंचायत समिति तक पहुंचाया है, वहां विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान तथा लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का भरोसा भी दिलाया।

समारोह के दौरान नवनिर्वाचित सदस्यों के साथ उनके परिजन भी उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण के बाद परिजनों और समर्थकों ने सदस्यों को बधाई देकर उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।




