ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़ – विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सिविल अस्पताल अर्की में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से वृक्षारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। स्वस्थ एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण के लिए डॉ. प्रियंका चौधरी तथा डॉ. लक्ष्मी चोपड़ा ने पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और स्वस्थ वातावरण प्रदान किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, वनों की कटाई तथा प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पर्यावरण गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कर्मचारियों से अपने घरों, कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अस्पताल के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधारोपण करने की शपथ भी ली। सभी ने प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, जल एवं ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का वचन दिया।

कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अपने विचार भी साझा किए। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ। सिविल अस्पताल अर्की द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण जागरूकता का प्रेरणादायक उदाहरण बना।



