ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़ – उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत घनागुघाट का एक दिवसीय वार्षिक मेला हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। मेले में बाल कल्याण परिषद हिमाचल प्रदेश की महासचिव एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं, जबकि समाजसेवी एवं धारवाले देवता जी के प्रमुख गुर हरिराम भारद्वाज ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत की नवनिर्वाचित प्रधान आशा ठाकुर ने की।

आयोजक समिति द्वारा मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि को शाल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों ने नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता से जुड़े नाटक भी प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

नवनिर्वाचित प्रधान आशा ठाकुर ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, विद्यालय प्रशासन तथा समस्त पंचायतवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में मिली जीत क्षेत्रवासियों के विश्वास और आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने सभी पंचायतवासियों को मेले की शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में पंचायत के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का भरोसा दिलाया।

मुख्य अतिथि जैनब चंदेल, जो इसी पंचायत की निवासी हैं और पूर्व में तीन बार पंचायत प्रधान भी रह चुकी हैं, ने क्षेत्रवासियों को मेले की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मेले के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सभी पंचायतवासी मिलकर इस पारंपरिक आयोजन की गरिमा को लगातार बढ़ा रहे हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए मेला समिति को बधाई देते हुए 11 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की।

विशिष्ट अतिथि हरिराम भारद्वाज ने भी क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए 21 हजार रुपये की सहयोग राशि भेंट की।
दोपहर के समय दाड़लाघाट क्षेत्र से गण देवता जी का भव्य रथ वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के साथ मेला मैदान पहुंचा। इस दौरान आयोजकों और पंचायतवासियों ने देवता का स्वागत कर आशीर्वाद प्राप्त किया। देव रथ के आगमन ने मेले के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को और बढ़ा दिया।

दोपहर बाद आयोजित दंगल प्रतियोगिता मेले का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें हिमाचल प्रदेश सहित बाहरी राज्यों के नामी पहलवानों ने अपने दमखम का प्रदर्शन किया। छोटी माली का खिताब कोलका के कुलवंत ने बिलासपुर के लक्की पहलवान को पराजित कर अपने नाम किया। वहीं बड़ी माली का मुकाबला बिलासपुर के बलबीर चिल्ला और रोहतक के जयदीप के बीच हुआ, जिसमें बलबीर चिल्ला विजेता रहे।

आयोजक समिति द्वारा बड़ी माली के विजेता बलबीर चिल्ला को 7100 रुपये नकद पुरस्कार और गुर्ज, जबकि उपविजेता को 6100 रुपये की धनराशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पंचायत के नवनिर्वाचित उपप्रधान हरीश शर्मा ने सभी अतिथियों, पहलवानों, कलाकारों, विद्यालय प्रशासन, मेला समिति तथा क्षेत्रवासियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पंचायत की नवगठित टीम और आयोजन समिति भविष्य में इस ऐतिहासिक मेले को और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास करेगी।
