ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– हिमाचल प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कमलेश कुमार पंत को राज्य के मुख्य सचिव पद का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। इस संबंध में कार्मिक विभाग द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है।

अधिसूचना के अनुसार 1993 बैच के आईएएस अधिकारी कमलेश कुमार पंत, जो वर्तमान में अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व), वित्त आयुक्त (राजस्व), अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन, गृह एवं सतर्कता) तथा हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं, अब अपने वर्तमान दायित्वों के साथ मुख्य सचिव पद का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे।

सरकार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी। मुख्य सचिव पद का अतिरिक्त कार्यभार मिलने के बाद पंत प्रदेश प्रशासन के विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने और शासन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाएंगे।
कमलेश कुमार पंत को प्रशासनिक क्षेत्र का व्यापक अनुभव प्राप्त है। उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं तथा राजस्व, गृह, वन और सतर्कता जैसे प्रमुख विभागों का सफलतापूर्वक संचालन किया है।





