घनागुघाट स्कूल में विश्व रेड क्रॉस दिवस पर मानवता और सेवा का दिया संदेश

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज — राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घनागुघाट, जिला सोलन में विश्व रेड क्रॉस दिवस उत्साह और सामाजिक चेतना के साथ मनाया गया। “मानवता को जीवित रखें” विषय पर आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सेवा, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।


कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें विद्यालय के रेड क्रॉस प्रभारी पुष्पेंद्र कौशिक ने विद्यार्थियों को रेड क्रॉस के इतिहास, उद्देश्यों और उसके सात मूल सिद्धांतों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को मानव सेवा और सहानुभूति की भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया।


इस अवसर पर दसवीं कक्षा की छात्रा जागृति ने विश्व रेड क्रॉस दिवस के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इसके बाद विद्यालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई। विद्यार्थियों ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता, स्वतंत्रता, स्वैच्छिक सेवा, एकता और सार्वभौमिकता जैसे सिद्धांतों से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचाए।


कार्यक्रम के दौरान नारा लेखन और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। विद्यार्थियों ने रक्तदान, प्राथमिक उपचार, आपदा राहत और मानव सेवा जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण सत्र रहा। डॉ. राहुल शर्मा ने विद्यार्थियों को सीपीआर, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता, सांप काटने तथा मिर्गी के दौरे के दौरान किए जाने वाले प्राथमिक उपचार की व्यावहारिक जानकारी दी। विद्यार्थियों ने स्वयं अभ्यास कर आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता करने के तरीके सीखे।


हिंदी प्रवक्ता सुनीता ठाकुर ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों में सेवा और सहानुभूति की भावना विकसित करना आवश्यक है। वहीं प्रधानाचार्य अजय शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों में शैक्षणिक ज्ञान के साथ मानवीय मूल्यों का विकास भी जरूरी है। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए स्टाफ और विद्यार्थियों को बधाई दी।
कार्यक्रम में शिक्षक, विद्यार्थी तथा स्थानीय समुदाय के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page