ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने शुक्रवार को राजकीय प्राथमिक पाठशाला कश्यालु का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचितजाति/जनजाति विभाग सी.डी. बंसल एवं अध्यक्ष एमएमआईएस
सोसायटी सोलन विद्या सागर भी उपस्थित रहे।

विधायक ने स्थानीय स्तर पर प्राप्त सूचना के आधार पर स्वयं मौके पर पहुंचकर विद्यालय का निरीक्षण किया। उल्लेखनीय है कि हाल ही में स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों द्वारा विद्यालय भवन की छत के क्षतिग्रस्त एवं जर्जर होने की जानकारी उन्हें दी गई थी।जिसके पश्चात उन्होंने बिना विलंब के पाठशाला का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन की छत को हुए नुकसान का बारीकी से आंकलन किया गया संजय अवस्थी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश देते हुए भवन की वर्तमान स्थिति को देखते हुए उसे असुरक्षित घोषित करने की प्रक्रिया प्रारंभ करने के आदेश भी दिए। ताकि किसी प्रकार कि अनहोनी से बचा जा सके। साथ ही उन्होंने क्षतिग्रस्त छत की मुरम्मत का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए।

विधायक ने आश्वासन दिया कि मुरम्मत कार्य के लिए जितना भी अनुमानित खर्च (एस्टिमेट) तैयार होगा,उतनी ही धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। जिससे विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी भी उपस्थित रहे। जिनमें सहज राम,जगदीश चंद,बुद्धिराम,विक्की, मीना देवी, रीता देवी,दयावती, पाठशाला के मुख्याध्यापक एवं अन्य स्टाफ सदस्य शामिल रहे।


