ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- लक्ष्य इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन में हिमाचल दिवस उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, इतिहास और परंपराओं को विद्यार्थियों के समक्ष प्रस्तुत करना रहा।

इस अवसर पर पाँच टीमों—अग्नि, वायु, जल, पृथ्वी और आकाश—के बीच इंटर-टीम क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता काफी रोचक और प्रतिस्पर्धात्मक रही। इसमें टीम आकाश और टीम पृथ्वी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि टीम अग्नि दूसरे स्थान पर रही। टीम जल और टीम वायु ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दीं। पारंपरिक नाटी नृत्य ने सभी का मन मोह लिया, वहीं एक सार्थक नाटक के माध्यम से हिमाचली संस्कृति और मूल्यों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।

इस मौके पर प्राचार्य डॉ. पी. एल. गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। लक्ष्य कॉन्वेंट स्कूल की प्राचार्या डॉ कुसुम गुप्ता सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।




