ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा द्वारा मतदाता सूचियों में पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने हेतु संशोधित कार्यक्रम की अधिसूचना जारी की गई है। यह कार्यक्रम उन पंचायती राज संस्थाओं पर लागू होगा, जो ग्राम सभा या शहरी स्थानीय निकायों के सृजन, पुनर्गठन अथवा विभाजन से प्रभावित हुई हैं।

अधिसूचना के अनुसार मतदाता सूचियों का प्रारूप 04 अप्रैल 2026 को प्रकाशित किया जा चुका है। पुनरीक्षण प्राधिकारी के समक्ष दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 13 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।

दावों और आपत्तियों का निपटारा 17 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। वहीं, अपीलीय प्राधिकारी के समक्ष अपील 24 अप्रैल 2026 तक दायर की जा सकेगी और उनका निपटारा 27 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 27 अप्रैल 2026 को या उससे पूर्व कर दिया जाएगा।
अधिसूचना में बताया गया है कि ज़िला सोलन के सभी खण्ड विकास अधिकारियों को उनके-अपने क्षेत्रों के लिए पुनरीक्षण प्राधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार इस प्रक्रिया को सुनिश्चित बनाया जाए।




