ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– मंडी जिला के जोगिंद्रनगर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया, जब एचआरटीसी की बस बटाहर के पास करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा उस समय हुआ जब चालक बस को मोड़ रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बस सुबह लगभग 6:30 बजे मंडी के लिए रवाना हो रही थी। बटाहर बस स्टॉप के पास मोड़ते समय दलदली मिट्टी के कारण बस अनियंत्रित होकर फिसल गई और सीधे खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में केवल चालक गोपाल सिंह ही सवार था, जबकि परिचालक जितेंद्र कुमार बस के बाहर खड़ा होकर दिशा-निर्देश दे रहा था।

स्थिति बिगड़ती देख चालक ने समय रहते बस से कूदकर अपनी जान बचा ली। हादसे में बस के परखचे उड़ गए, लेकिन गनीमत रही कि बस में कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और प्रशासन को सूचित किया गया। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और वाहन संचालन के दौरान सतर्कता की आवश्यकता को उजागर किया है।

