ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज : अर्की विधानसभा क्षेत्र के गांव चवाहन, डा. भिउन्खरी से संबंध रखने वाली डॉ. रीना शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए मिस साउथ एशिया यूनिवर्स 2026 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया है। उनकी इस सफलता से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है।

यह प्रतियोगिता टेक्सास (अमेरिका) में माय ड्रीम ग्लोबल एवं माय ड्रीम टीवी यूएसए द्वारा रश्मि बेदी के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। डॉ. रीना शर्मा ने प्रतियोगिता के सभी चरणों—हेरिटेज राउंड, ब्लैक एवं गोल्डन राउंड, फाइनल गाउन राउंड और प्रश्न–उत्तर राउंड—में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खासकर उनके आत्मविश्वास और स्पष्ट सोच ने निर्णायकों को काफी प्रभावित किया।

प्रतियोगिता के फाइनल में बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोनी और आयोजक रश्मि बेदी ने उन्हें विजेता का ताज पहनाया। इसके साथ ही डॉ. रीना शर्मा ने “राइजिंग स्टार ऑफ टेक्सास” का खिताब भी अपने नाम किया, जिसमें उनके अभिनय और नृत्य ने सभी का दिल जीत लिया।

डॉ. रीना शर्मा एक साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर इस मुकाम तक पहुंची हैं। वह पेशे से लीड साइंटिस्ट (प्रमुख वैज्ञानिक) हैं और पिछले छह वर्षों से अमेरिका की एक प्रतिष्ठित कंपनी में कार्यरत हैं। इसके अलावा वे खेल, थिएटर और अभिनय में भी सक्रिय रही हैं, जो उनकी बहुमुखी प्रतिभा को दर्शाता है।

डॉ. रीना शर्मा, शंकर देव शर्मा की पुत्री हैं और तहसील रामशहर, जिला सोलन के छोटे से गांव से संबंध रखती हैं। उनकी इस उपलब्धि ने प्रदेश और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
उनकी यह सफलता युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी है, जो यह दिखाती है कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।





