ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज : कंडाघाट ब्लॉक की नवगठित ग्राम पंचायत घाटकुम्हाला के नागरिकों ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल का आभार व्यक्त किया।

यह आभार उपाध्यक्ष पंचायत समिति कंडाघाट ब्लॉक हेमा तनवर के नेतृत्व में व्यक्त किया गया। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रधान धर्मदास तनवर, सीताराम रघुवंशी, जगदीश तनवर, गोपाल चंद कौशल, तपेंद्र तनवर, डॉ. राजन तनवर तथा ज्योति शामिल रहे।
प्रतिनिधियों ने बताया कि घाटकुम्हाला ग्राम पंचायत का गठन सतड़ोल ग्राम पंचायत से अलग होकर किया गया है, जिससे दोनों पंचायतों में विकास कार्यों को गति मिलेगी।

स्थानीय लोगों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि अब क्षेत्र में विकासात्मक कार्य और अधिक प्रभावी ढंग से पूरे हो सकेंगे। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास कार्यों को पूरा करने में किसी प्रकार की वित्तीय कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।



