ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-थाना सदर सोलन के अंतर्गत जटोली कोठों रोड पर प्लॉट कटिंग साइट से मशीन का ब्रेकर और लोहे की पाइपें चोरी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शामती निवासी विजेंद्र सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

शिकायत के अनुसार 3 मार्च की शाम जब वह कार्य स्थल पर पहुंचे तो पाया कि कटिंग मशीन का ब्रेकर (सील सहित) तथा मौके पर रखी लगभग सात लोहे की पानी की पाइपें गायब थीं। वहीं पास में रहने वाली एक महिला के घर से भी सरियों के दो बंडल चोरी होने की बात सामने आई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तीन व्यक्ति सरिया ले जाते हुए दिखाई दिए।

मामले में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए चमरोग निवासी मुश्ताक मुहम्मद उर्फ सोनू खान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। एसपी सोलन ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


