ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– शिमला के चमियाना स्थित अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटीज में मेडिकल वेस्ट प्रबंधन को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। मंगलवार को अस्पताल परिसर में एक कुत्ता इंसान की कटी हुई टांग मुंह में दबाकर घूमता दिखाई दिया। घटना से अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही अस्पताल स्टाफ मौके पर पहुंचा और कुत्ते से टांग को छुड़ाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। प्रशासन ने तीन सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित कर जांच के आदेश दिए हैं। कमेटी में नर्सिंग अधीक्षक लीलावती, बायो मेडिकल वेस्ट नोडल अधिकारी राजेश वर्मा और मेर्टन लीला बोध को शामिल किया गया है।

वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर शर्मा ने बताया कि मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगी गई है। जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि सर्जरी के बाद कटा हुआ अंग किस स्थान पर रखा गया था और वहां से कुत्ता उसे कैसे बाहर ले गया। जिस स्तर पर भी लापरवाही पाई जाएगी, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि मेडिकल वेस्ट के अस्थायी भंडारण स्थल पर निगरानी में कमी रही, जिसके चलते कुत्ता अंदर घुस गया। इस घटना ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और मेडिकल वेस्ट निस्तारण प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए


