ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– लक्ष्य पब्लिक स्कूल अर्की में कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह हर्षोल्लास और भावनात्मक माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में लक्ष्य शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष डॉ. पी. एल. गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. पी. एल. गुप्ता ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास से ही सफल होता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण का आधार होता है। उन्होंने आशा जताई कि लक्ष्य पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी भविष्य में अपने विद्यालय, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

समारोह के दौरान छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने हिमाचली लोकनृत्य नाटी, पंजाबी भंगड़ा, समूह गान तथा एकांकी नाटक की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विदाई समारोह का मुख्य आकर्षण छात्रों द्वारा आयोजित रैंप वॉक रहा, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपने व्यक्तित्व और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। इसके साथ ही मिस्टर और मिस फेयरवेल प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता के विभिन्न राउंड के बाद यक्ष को मिस्टर फेयरवेल तथा काव्या को मिस फेयरवेल का खिताब प्रदान किया गया। इसके अलावा मिस डांसिंग यक्षा, मिस स्टनिंग सिया ब्यूटी विध ब्रेन धान्या ग्रेसियस आयुषी मिस कॉन्फिडेंट सारिका मिस एलिगेंट रिद्धि मिस्टर चार्म रोहित मिस्टर आइकॉन दिव्यांशु मिस्टर डायनेमिक नीलेश मिस्टर क्लासी काव्या मिस्टर कम्पोज शिवम मिस्टर पोलाइट मनीष मिस्टर डेसिंग हितेंद्र मिस्टर जेंटलमेन प्रणव मिस्टर जीनियस सोमेश मिस्टर अलाइट साहिल मिस्टर वर्सटाइल कपीश जैसे विशेष पुरस्कार भी दिए गए।

कार्यक्रम का संचालन गोरिश व अश्लेषा द्वारा किया गया। विदाई लेने वाले विद्यार्थियों ने अपने विद्यालय जीवन की यादें साझा करते हुए शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कई छात्रों के भावुक भाषण से माहौल भावनात्मक हो गया।

विद्यालय की प्रधानाचार्य वीना गुप्ता ने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत ही सफलता की कुंजी है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, स्टाफ सदस्य और अभिभावक भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा सामूहिक फोटो सेशन के साथ समारोह का समापन किया गया।


