एसडीएम कार्यालय में स्मार्ट मीटर में लगी आग, कर्मचारियों की सतर्कता से बड़ा नुकसान टला

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- एसडीएम कार्यालय परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां लगाए गए एक स्मार्ट बिजली मीटर में अचानक आग लग गई।

कार्यालय में कामकाज के दौरान अचानक मीटर से धुआं उठता दिखाई दिया, जिससे कर्मचारियों और उपस्थित लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत मुख्य बिजली आपूर्ति बंद कर दी और मेन स्विच काट दिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से आग अन्य उपकरणों और महत्वपूर्ण अभिलेखों तक फैलने से रोक दी गई।


यह घटना चंबा जिले के उपमंडल तीसा स्थित एसडीएम कार्यालय की है। सूचना मिलते ही हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। टीम ने प्रभावित मीटर को हटाकर स्थिति का निरीक्षण किया और आवश्यक कदम उठाए।
घटना के बाद क्षेत्र में स्मार्ट मीटरों की सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कुछ स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है कि यदि सरकारी कार्यालय में इस प्रकार की घटना हो सकती है तो आम उपभोक्ताओं के घरों में भी विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। फिलहाल विद्युत बोर्ड की ओर से मामले की जांच जारी है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page