ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज : -उपमंडल अर्की के अंतर्गत ग्राम पंचायत सन्याड़ी मोड़ के छामला गांव की बेटी शगुन शुक्ला ने कृषि विकास अधिकारी (एडीओ) के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

उनकी इस उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी की लहर है और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
शगुन शुक्ला की प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल दाड़लाघाट से हुई। इसके पश्चात उन्होंने चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर से एमएससी (कृषि) की डिग्री प्राप्त की। वर्तमान में वे पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, लुधियाना से पीएचडी की पढ़ाई कर रही हैं।

शगुन के पिता रमेश शुक्ला व्यवसायी हैं, जबकि माता अनुपमा शुक्ला शिक्षा विभाग में अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। शगुन ने अपनी इस सफलता का श्रेय माता-पिता के सहयोग, गुरुओं के मार्गदर्शन और मित्रों के निरंतर प्रोत्साहन को दिया है।
उनकी सफलता पर पंचायत प्रतिनिधियों, क्षेत्र के गणमान्य लोगों और ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शगुन शुक्ला के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




