ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- गवर्नमेंट कॉलेज अर्की की बी.कॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा गुंजन ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इंटर-कॉलेज एथलेटिक मीट 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए शॉट पुट और डिस्कस थ्रो दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल किए। तीन दिवसीय यह वार्षिक खेल प्रतियोगिता 8 से 10 दिसंबर तक गवर्नमेंट कॉलेज बिलासपुर में आयोजित हुई, जिसमें विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न कॉलेजों के एथलीटों ने भाग लिया।

गुंजन ठाकुर ने दोनों फील्ड इवेंट्स में दमदार ताकत और बेहतरीन तकनीक का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनके इस दोहरे स्वर्ण पदक ने गवर्नमेंट कॉलेज अर्की को अंतर-कॉलेज स्तर पर विशेष पहचान दिलाई है। महाविद्यालय में उनके आगमन पर प्राचार्या सुनीता शर्मा ने उन्हें सम्मानित किया और इस उपलब्धि को प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।

कॉलेज प्रशासन, शिक्षकों और सहपाठियों ने गुंजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रोत्साहन का स्रोत है। गवर्नमेंट कॉलेज अर्की ने उम्मीद जताई है कि गुंजन आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखेंगी।




