ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज –सोलन जिला की ग्राम पंचायत सायरी के निवासी और राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ममलीग के पूर्व पी.ई.टी. रूप राम शर्मा का बीमारी के कारण निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बैहली (सायरीघाट के समीप) में किया गया।


रूप राम शर्मा (उम्र 75 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय गोविंद राम शर्मा का जन्म 18 जुलाई 1950 को बैहली गांव, ग्राम पंचायत सायरी, जिला सोलन में हुआ था। उन्होंने जुलाई 2008 में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ममलीग से सेवानिवृत्ति प्राप्त की थी। अपने चार भाइयों में वे तीसरे स्थान पर थे। वे अपने पीछे तीन भाई, तीन बहनें, पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।
सेवाकाल के दौरान रूप राम शर्मा एक अनुशासित, मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक के रूप में जाने जाते थे। वे खेलकूद के क्षेत्र में विशेष रूप से सक्रिय रहे तथा अपने मार्गदर्शन में अनेक विद्यार्थियों को वॉलीबॉल खेल में राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाया। विद्यालयी प्रतियोगिताओं में वे मंच संचालन और नाट्य प्रस्तुतियों के भी प्रमुख आयोजक रहे।

सेवानिवृत्ति के बाद भी वे पेन्शनर्ज़ एसोसिएशन सायरी और वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ सायरी के माध्यम से समाजसेवा में सक्रिय रहे। उनके निधन से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
पेन्शनर्ज़ एसोसिएशन सायरी के प्रेससचिव जगदीश कश्यप (सेवानिवृत्त अध्यापक) ने कहा कि रूप राम शर्मा का जाना न केवल संघ के लिए बल्कि पूरे सायरी क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। वे हंसमुख, ईमानदार और अनुशासित शिक्षक थे, जिनकी स्मृतियां सदैव जीवित रहेंगी।
संघ के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

