दैनिक हिमाचल न्यूज ब्यूरो- हिमाचल प्रदेश राजकीय सीएंडवी अध्यापक संघ, जिला सोलन ने सरकार के 6 सितंबर 2025 के आदेश का विरोध जताया, जिसमें सरकारी कर्मचारियों के हायर ग्रेड पे में बदलाव करते हुए हिमाचल प्रदेश सिविल सेवा नियम (संशोधित वेतन) 2022 के नियम 7ए को समाप्त कर दिया गया है। इससे हजारों शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन प्रभावित होंगे और उन्हें वित्तीय नुकसान उठाना पड़ सकता है।


संयुक्त बयान में हिमाचल प्रदेश राजकीय सीएंडवी अध्यापक संघ जिला सोलन अध्यक्ष जीत रघुवंशी, महासचिव गुरदेव सिंह और वित सचिव परमानंद शास्त्री, महिला मोर्चा अध्यक्षा अनीता तथा सभी खंड अध्यक्षों ने कहा कि सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों में भारी रोष है और इसे तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाना चाहिए।

जिला कार्यकारिणी ने मुख्यमंत्री से निवेदन किया है कि इस अधिसूचना को तुरंत प्रभाव से निरस्त किया जाए। अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि अगर अधिसूचना जल्द निरस्त नहीं की गई तो आगामी रणनीति पर मंथन किया जाएगा।




