राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित हुए अर्की के राज कुमार पाल

दैनिक हिमाचल न्यूज ब्यूरो

अर्की उपमण्डल की ग्राम पंचायत डुमैहर निवासी राज कुमार पाल, जो वर्तमान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डुमैहर में शारीरिक शिक्षक के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं, को उनके असाधारण योगदान के लिए 5 सितंबर को विजन वेलनेस फाउंडेशन ट्रस्ट (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार से सम्बद्ध संस्था) द्वारा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार और साथ ही हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

राज कुमार पाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त बास्केटबॉल प्रशिक्षक हैं। उन्होंने विशेष ओलंपिक विश्व खेल 2023, बर्लिन में भारतीय टीम के मुख्य प्रशिक्षक के रूप में देश का प्रतिनिधित्व किया, जहाँ उनकी कोचिंग में भारत ने स्वर्ण पदक हासिल किया। इससे पहले भी वे विशेष ओलंपिक 2019, अबू धाबी में भारतीय टीम के साथ रह चुके हैं, जहाँ भारत ने रजत पदक जीता।

उन्होंने विशेष छात्र अवनीश कोंडल को भी प्रशिक्षित किया, जिसने बर्लिन ओलंपिक में कप्तान के तौर पर देश को स्वर्ण पदक दिलाया। इसके अतिरिक्त राज कुमार पाल स्कूल खेल महासंघ (एस.जी.एफ.आई.) में हिमाचल की कई बार अंडर-19 टीमों के प्रशिक्षक रह चुके हैं और भारतीय बास्केटबॉल महासंघ (बी.एफ.आई.) के ए-पैनल के पात्र निर्णायक हैं।

विद्यालय के विकास में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डुमैहर को विद्यालय गोद लेने की योजना के अंतर्गत अपनाया और वर्ष 2011 में ग्रामीणों के सहयोग से विद्यालय का बास्केटबॉल मैदान बनवाया।

राज कुमार पाल को इससे पहले भी कई अवसरों पर सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2011 की जनगणना के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें राष्ट्रपति द्वारा कांस्य पदक प्रदान किया गयामहामहिम था। इसी वर्ष उन्हें शान-ए-भारत पुरस्कार तथा हिमाचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल द्वारा भी सम्मानित किया गया।

वर्तमान में वे लुधियाना (पंजाब) में 75वीं जूनियर राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में तकनीकी अधिकारी के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं। इसी कारण वे राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय दोनों ही समारोहों में पुरस्कार प्राप्त करने स्वयं उपस्थित नहीं हो पाए।

राजकुमार पाल की  उपलब्धियों ने न केवल अर्की और जिला सोलन बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page