
ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज़:-अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। वे आज अर्की में जनसमस्याएं सुनने के बाद लोगों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने घोषणा की कि 7 मार्च 2025 से ग्राम पंचायत सारमा में ‘विधायक गांव के द्वार’ कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जिसके तहत सभी पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से शिविर लगाए जाएंगे। इस कार्यक्रम के दौरान उपमंडल स्तर के अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आम जनता के जीवन को सरल बनाने के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। इनमें मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना, राजीव गांधी स्टार्ट-अप योजना, राजीव गांधी प्राकृतिक खेती स्टार्ट-अप योजना, इंदिरा गांधी बालिका सुरक्षा योजना और मुख्यमंत्री विधवा एवं एकल नारी आवास योजना प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है और राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि अर्की विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी और सभी पंचायतों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।

इस अवसर पर नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, राष्ट्रीय युवा कांग्रेस अर्की मंडल के अध्यक्ष सतीश कुमार (विक्की), कांग्रेस नेता सतीश कश्यप, सुरेंद्र पाठक, धनीराम ठाकुर, प्यारेलाल, कमलेश शर्मा सहित कई स्थानीय प्रतिनिधि और लोग उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में उपमंडलाधिकारी अर्की यादविंदर पाल, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. तारा चंद नेगी, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता शशिपाल और हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





