संगीता बनीं मिस फ्रेशर और नमन शर्मा चुने गए मिस्टर फ्रेशर, अर्की महाविद्यालय में फ्रेशर पार्टी की धूम

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- राजकीय महाविद्यालय अर्की में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर पार्टी का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय प्राचार्या सुनीता शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि वरिष्ठ लैब सहायक लायक राम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पीटीए अध्यक्षा ममता शर्मा और उपाध्यक्ष ज्योति गुप्ता ने विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य सहित विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने भी विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्राचार्या सुनीता शर्मा ने नवागंतुक विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि फ्रेशर पार्टी नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिवार से जुड़ने और वरिष्ठ विद्यार्थियों के साथ बेहतर तालमेल बनाने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।

फ्रेशर पार्टी में बीए प्रथम वर्ष की संगीता ने मिस फ्रेशर का खिताब अपने नाम किया, जबकि बीसीए प्रथम वर्ष के नमन शर्मा को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। निधि और जतिन ने क्रमशः रनरअप मिस एवं मिस्टर का खिताब हासिल किया। वहीं जागृति को मिस पर्सनैलिटी, दीपांशु को मिस्टर पर्सनैलिटी, पल्लवी को मिस ब्यूटीफुल और साहिल को मिस्टर हैंडसम के खिताब से नवाजा गया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी से महाविद्यालय परिसर खुशनुमा माहौल से सराबोर रहा। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों एवं विद्यार्थियों ने मुख्य अतिथि, विशेष अतिथियों, शिक्षक वर्ग तथा सभी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page