पेंशनरों की लंबित देनदारियों के भुगतान को लेकर जयनगर इकाई में रोष

सरकार से बकाया राशि व 15 प्रतिशत डीआर की लंबित किस्तों का एकमुश्त भुगतान करने की मांग।


ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज- भारतीय राज्य पेंशनर संघ जयनगर इकाई की बैठक इकाई अध्यक्ष सोहनलाल ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में इकाई के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे। इस दौरान शिमला में प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय धरना-प्रदर्शन में जयनगर इकाई की ओर से शामिल हुए सभी पेंशनर साथियों का आभार व्यक्त किया गया।

बैठक में वक्ताओं ने प्रदेश सरकार द्वारा संयुक्त संघर्ष समिति के नेताओं को वार्ता के लिए न बुलाए जाने पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पेंशनरों की विभिन्न मांगों और लंबित देनदारियों को लेकर सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।

वक्ताओं ने मुख्यमंत्री द्वारा 67 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों की सभी बकाया राशि का भुगतान किए जाने संबंधी दिए गए बयान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस आयु वर्ग के पेंशनरों को केवल मूल पेंशन की बकाया राशि का भुगतान हुआ है, जबकि लीव एनकैशमेंट, ग्रेच्युटी तथा अन्य देय भत्तों की राशि अभी भी लंबित है।

उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि सभी पेंशनरों की करोड़ों रुपये की लंबित बकाया राशि का शीघ्र भुगतान किया जाए। इसके साथ ही 15 प्रतिशत महंगाई राहत (डीआर) की लंबित किस्तों का भी एकमुश्त भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में पेंशनरों ने चेतावनी दी कि यदि प्रदेश सरकार समय रहते पेंशनरों की देनदारियों का भुगतान नहीं करती है तो प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा आगामी संघर्ष को लेकर जो भी निर्णय लिया जाएगा, उसमें जयनगर इकाई के सभी पेंशनर पूरी मजबूती के साथ भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।

बैठक में विद्यासागर, रामलाल, जगत राम, रतीराम, हरिदास, गोपालचंद, बाबूराम, सोहनलाल, श्याम सिंह, हरदेव महाजन, जीत राम, प्रताप सिंह, रमेश चंद्र सहित अन्य पेंशनर उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page