ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति जिला सोलन की बैठक 29 अगस्त को कुनिहार स्थित सीनियर सिटीजन हाल में सुबह 11 बजे आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक सुरेंद्र ठाकुर करेंगे। बैठक में जिला सोलन के विभिन्न पेंशनर्स संगठनों के जिला अध्यक्ष, महासचिव एवं वरिष्ठ पदाधिकारी भाग लेंगे।

प्रदेश संघर्ष समिति के महासचिव इंद्रपाल शर्मा ने बताया कि बैठक में प्रदेश संघर्ष समिति की ओर से 1 सितंबर को शिमला के चौड़ा मैदान में प्रस्तावित राज्य स्तरीय धरना-प्रदर्शन एवं विधानसभा घेराव को लेकर चर्चा की जाएगी। इस दौरान जिला सोलन से अधिक से अधिक पेंशनरों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा धरना-प्रदर्शन में शामिल होने वाले सदस्यों की संख्या को लेकर भी रणनीति तैयार की जाएगी।

उन्होंने बताया कि बैठक की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कुनिहार इकाई के वरिष्ठ पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक भी हुई। इसमें आगामी जिला स्तरीय बैठक और 1 सितंबर के कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई।
समीक्षा बैठक में आर.पी. जोशी, ओम प्रकाश गर्ग, एस.पी. शर्मा, राकेश शर्मा, ओम राणा, सोहनलाल शर्मा, चेतराम तंवर और जगदीश चंदेल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।




