ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है कि धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा की पुत्री आध्या पंडित ने अमेरिकन यूनिवर्सिटी इन दुबई (AUD) में अपने स्नातक वर्ग की वैलिडिक्टोरियन (Valedictorian) बनने का प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त किया है। यह सम्मान विश्वविद्यालय के उस छात्र को दिया जाता है जिसने शैक्षणिक उत्कृष्टता, नेतृत्व क्षमता और समग्र उपलब्धियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया हो।

आध्या पंडित को इंटरनेशनल स्टडीज़ विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए “आउटस्टैंडिंग स्टूडेंट अवॉर्ड” से भी सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उनके शानदार शैक्षणिक रिकॉर्ड, नेतृत्व कौशल और विश्वविद्यालय में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त, उनकी असाधारण उपलब्धियों के सम्मान में उन्हें दुबई के शाही परिवार की ओर से स्वर्ण श्रृंखला (गोल्ड चेन) भेंट किए जाने का भी गौरव प्राप्त हुआ है, जो उनकी उपलब्धि को और अधिक विशेष बनाता है।

आध्या पंडित की इस सफलता को हिमाचल प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर शिक्षा, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े अनेक लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।





