ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को सरली युवा मंडल द्वारा ग्राम सरली में ग्राम खेल महोत्सव एवं विशाल कुश्ती दंगल-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं ग्रामीणों को योग, ध्यान, खेल और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत योग एवं मेडिटेशन सत्र से हुई, जिसका संचालन एलआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स सोलन की डिजिटल मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव करिश्मा शर्मा ने किया। उन्होंने योग, ध्यान और सकारात्मक जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग और खेल युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस दौरान बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें सभी वार्डों के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे दिन खेल भावना और आपसी भाईचारे का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डी.डी. शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा खेल, योग और शिक्षा को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

सायंकाल आयोजित विशाल कुश्ती दंगल कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों ने दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन किया, जिसका बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों ने आनंद लिया।
सरली युवा मंडल के अध्यक्ष कर्मचंद ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों, प्रतिभागियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा एलआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स सोलन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी गांव में योग, खेलकूद एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन जारी रहेंगे।




