दानों देवता की जात्रा 25-26 मार्च को, कुनिहार में भव्य आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज –  क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था के प्रतीक दानों देवता की वार्षिक जात्रा इस वर्ष 25 व 26 मार्च को कुनिहार में बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ आयोजित की जाएगी। प्राचीन ठाकुरद्वारा मंदिर, राज दरबार कुनिहार के प्रांगण में होने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है।

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी कुनिहार के श्रद्धालु सुन्नी-तातापानी से दानों महाराज की रथ यात्रा (जात्रा) को विधिवत रूप से लेकर आएंगे। उन्होंने बताया कि इस बार भी श्रद्धालु पूरे उत्साह, भक्ति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ इस परंपरा का निर्वहन करेंगे।

समिति के अनुसार, 25 मार्च (वीरवार) को बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुन्नी-तातापानी के लिए रवाना होंगे और दानों महाराज की जात्रा को लेकर शाम करीब 5 बजे तलाब मंदिर कुनिहार पहुंचेंगे। यहां से जात्रा पूरे कुनिहार नगर की परिक्रमा करते हुए राज दरबार प्रांगण स्थित प्राचीन ठाकुरद्वारा मंदिर में पहुंचेगी, जहां विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 26 मार्च (शुक्रवार) को नवरात्रों के पावन पर्व के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। सदस्यों को अलग-अलग कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, सजावट, श्रद्धालुओं के ठहरने व भोजन की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।

समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर दानों महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करें तथा भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर पुण्य के भागी बनें।

बैठक में देवेंद्र कुमार उपाध्याय, अरविंद जोशी, रितेश जोशी, आशीष द्विवेदी, मुकेश शर्मा, प्रदीप पुरी, रोहित जोशी, ललित जोशी, यशु शर्मा, भूपेंद्र भारद्वाज, अमन अत्री, राजीव शर्मा, मनोज उपाध्याय, धवन कुमार, बोवी कंवर व महेंद्र कंवर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page