कुनिहार में विकसित भारत अभियान की दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी संपन्न, विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग

गुनगुन, प्रियल और आशुतोष सहित विद्यार्थियों ने कागज पर उकेरा अपने सपनों का विकसित भारत

दो दिवसीय विकसित भारत चित्र प्रदर्शनी एवं जनसूचना अभियान संपन्न

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़ – केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, शिमला द्वारा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार में आयोजित दो दिवसीय विकसित भारत चित्र प्रदर्शनी एवं जनसूचना अभियान का गुरुवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर सैकड़ों विद्यार्थियों की उपस्थिति में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागी टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विकसित भारत विषय पर आयोजित चित्रकला एवं नारा लेखन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।

छठी से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए वरिष्ठ एवं कनिष्ठ वर्ग में अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपने चित्रों में डिजिटल भारत, अंतरिक्ष उपलब्धियां, सड़क नेटवर्क विस्तार और देश की विभिन्न विकास योजनाओं को साकार किया।
चित्रकला प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में गुनगुन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रियल और आशुतोष क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे। कनिष्ठ वर्ग में साक्षी प्रथम, निधि द्वितीय और चिराग तृतीय स्थान पर रहे।नारा लेखन प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में भार्गवी, अनुष्का और सूर्यांश ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ वर्ग में अयांश प्रथम, निशांत द्वितीय और जसकरण तृतीय स्थान पर रहे।


प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। तीन टीमों के अंक समान होने पर अतिरिक्त प्रश्नों के माध्यम से विजेताओं का चयन किया गया। उदयगिरी हाउस की अक्षिता, प्रयानशिका, अयान और रिवांश की टीम प्रथम रही। शिवालिक हाउस की देवांगी, निशु, दिलशान और प्रशांत की टीम द्वितीय तथा नीलगिरी हाउस की इक्षिता, जसप्रीत, देव और विवेक की टीम तृतीय स्थान पर रही।


समापन समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार यादव मुख्य अतिथि तथा उप प्रधानाचार्य अनिता कंवर और केंद्रीय संचार ब्यूरो शिमला के सहायक निदेशक प्रकाश पंत विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्राचार्य ने आयोजन को विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन की दृष्टि से उपयोगी बताया। कार्यक्रम में पत्र सूचना कार्यालय के सहायक निदेशक संजीव शर्मा, केंद्रीय संचार ब्यूरो के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और नाटी ने कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।


उल्लेखनीय है कि अभियान की शुरुआत जनजागरूकता रैली से हुई थी, जिसमें 150 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लेकर विकसित भारत 2047, स्वच्छता अभियान और विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page