मांजू प्रीमियर लीग सीजन-2 में खेल और अनुशासन का संगम, दूर-दराज से पहुंच रहे खिलाड़ी

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत पलोग के मांजू गांव में आयोजित मांजू प्रीमियर लीग के सीजन-2 ने क्षेत्र में खेल प्रेमियों का खासा ध्यान आकर्षित किया है। प्रतियोगिता की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि मुकाबले समतल खेतों में आयोजित किए जा रहे हैं, जिस कारण आसपास ही नहीं बल्कि दूर-दराज क्षेत्रों से भी खिलाड़ी इसमें भाग लेने पहुंच रहे हैं।


युवक मंडल के सचिव सचिन चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को खेले गए मुकाबलों में जुनगा इलेवन ने बाड़ीधार को पराजित किया, जबकि दूसरे मैच में बनुटी ने मांजू की टीम को हराया। इसके बाद अगले राउंड में जुनगा और बनुटी के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में जुनगा इलेवन ने बनुटी को 6 रनों से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

सचिन ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले मैच में समाजसेवी भगत राम शर्मा मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए युवक मंडल को 3100 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की और युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

दूसरे मैच के मुख्यातिथि समाजसेवी जितेंद्र शर्मा रहे, जिन्होंने 2100 रुपये का सहयोग देते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच सिखाते हैं तथा नशे से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

तीसरे मैच में समाजसेवी सुशील पाठक मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने 1100 रुपये का सहयोग देते हुए युवाओं को संदेश दिया कि स्वस्थ शरीर और मजबूत मन के लिए खेल सबसे सशक्त माध्यम हैं।


प्रतियोगिता की एक और सराहनीय पहल यह है कि मांजू गांव के समाजसेवी धर्म सिंह चौहान द्वारा प्रतिदिन सभी खिलाड़ियों के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था की जा रही है, ताकि कोई भी खिलाड़ी या मैच देखने आया खेल प्रेमी भूखा न लौटे।


इस आयोजन के दौरान स्थानीय लोग भी प्रतिदिन मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों और आयोजन से जुड़े युवाओं का हौसला बढ़ा रहे हैं। मांजू प्रीमियर लीग न केवल खेल प्रतियोगिता बनकर उभरी है, बल्कि यह युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और सामाजिक एकता का संदेश देने का सशक्त माध्यम भी साबित हो रही है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page