ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज —अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत सरयांज के पम्बड़ गांव से संबंध रखने वाले डॉ. नितिन ठाकुर ने चिकित्सा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। वर्तमान में सरयांज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सेवाएं दे रहे डॉ. नितिन ठाकुर ने पीजीआई चंडीगढ़ में सर्जरी विषय में उच्च अध्ययन के लिए प्रवेश लेकर औपचारिक रूप से प्रशिक्षण आरंभ कर दिया है।

डॉ. नितिन ठाकुर बीते सवा तीन वर्षों से पीएचसी सरयांज में बतौर मेडिकल ऑफिसर अपनी सेवाएं दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। मरीजों के प्रति मानवीय दृष्टिकोण, सही परामर्श और समय पर उपचार के कारण उन्होंने क्षेत्रवासियों के बीच एक भरोसेमंद चिकित्सक के रूप में पहचान बनाई।

उनके पिता बलिराम ठाकुर भारतीय जीवन बीमा निगम में कार्यरत हैं और वर्तमान में शिमला के स्कैंडल पॉइंट स्थित शाखा में मैनेजर (प्रशासन) के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। माता एक गृहिणी हैं, जिनका बच्चों के संस्कार, अनुशासन और शिक्षा में अहम योगदान रहा है। वहीं उनकी छोटी बहन एम्स ऋषिकेश में रेजिडेंट डॉक्टर के रूप में कार्यरत हैं और हृदय सर्जरी में सुपर स्पेशलिटी का उच्च अध्ययन प्राप्त कर रही हैं। यह परिवार सेवा, समर्पण और चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

उल्लेखनीय है कि डॉ. नितिन ठाकुर ने ऑल इंडिया एंट्रेंस टेस्ट में स्पॉन्सर कैंडिडेट श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर सर्जरी को अपने मनपसंद विषय के रूप में चुना। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन, गुरुजनों के स्नेह,बड़ों का आशीर्वाद कठिन परिश्रम और अनुशासित जीवनशैली को दिया। डॉ. ठाकुर का कहना है कि एक अच्छे डॉक्टर के लिए ज्ञान के साथ-साथ संवेदनशीलता, धैर्य और सेवा भाव सबसे आवश्यक गुण हैं।

इस उपलब्धि पर ग्राम पंचायत सरयांज के प्रधान रमेश ठाकुर ने डॉ. नितिन ठाकुर की सराहना करते हुए कहा कि वे एक काबिल, कर्मठ और मरीजों के प्रति पूर्णतः समर्पित चिकित्सक हैं। उन्होंने आशा जताई कि सर्जरी में विशेषज्ञता हासिल करने के बाद डॉ. ठाकुर भविष्य में क्षेत्र और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाएंगे।

स्थानीय लोगों ने डॉ. नितिन ठाकुर को उनकी इस सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और इसे पूरे सरयांज क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया है।



