ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़: जिला सोलन की पट्टा बरावरी पंचायत स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में छह दिवसीय श्रीकृष्ण कथा एवं गुरु पूर्णिमा महोत्सव की शुरुआत कलश यात्रा के साथ हुई। धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के बीच मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा।

कथावाचक आचार्य हरिजी महाराज ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कथा स्थल पर कलश की स्थापना की। इसके उपरांत उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का रसपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण कण-कण में विद्यमान हैं। यदि हम सुख में प्रभु का स्मरण करेंगे तो जीवन में दुख टिक नहीं पाएगा।

आचार्य हरिजी महाराज ने गुरु की महिमा पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से गुरु की भक्ति करने वाला शिष्य घोर पापों से भी मुक्त हो जाता है। जो भक्त श्रद्धा से श्रीकृष्ण कथा सुनते हैं, उनके जीवन के समस्त कष्ट दूर हो जाते हैं।

हरि सेवाधाम ट्रस्ट पट्टा बरावरी के मीडिया प्रभारी डीडी कश्यप ने जानकारी दी कि यह आयोजन 9 जुलाई तक चलेगा। प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 10 बजे तक मूल पाठ और दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक श्रीकृष्ण कथा का आयोजन होगा।
श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आध्यात्मिक अनुष्ठान का लाभ उठाएं।

