ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज
जिला सोलन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुंदर सिंह जसवाल के निधन पर कांग्रेस पार्टी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। शोक व्यक्त करने वालों में पेंशनर्स संघ के जिलाध्यक्ष केडी शर्मा, महासचिव जगदीश पंवर, कोषाध्यक्ष मनसा राम पाठक, जिला प्रेस सचिव डीडी कश्यप, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जीआर भारद्वाज, बेलीराम राठौर, जगदीश सिंह, कृष्ण सिंह चौहान, रूपराम शर्मा, सूर्यकांत जोशी, विनोद जोशी, चेतराम भारद्वाज और जगदेव गर्ग सहित कई गणमान्य लोग शामिल हैं।

पूर्व डीपीआरओ एवं जिला मीडिया प्रभारी डीडी कश्यप ने कहा कि स्व. सुंदर सिंह जसवाल एक सरल, मृदुभाषी और समर्पित कार्यकर्ता थे। वे हिमाचल प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार के सहयोगी रहे और उनके आशीर्वाद से सायरी क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य संपन्न कराए। साथ ही वे छह बार मुख्यमंत्री रहे स्व. वीरभद्र सिंह के भी विश्वस्त और नजदीकी कार्यकर्ताओं में शामिल थे, जिनकी बातों को वीरभद्र सिंह विशेष महत्व देते थे।

कश्यप ने बताया कि स्व. जसवाल ने करीब 22 वर्षों तक ग्राम पंचायत सायरी के प्रधान के रूप में सेवाएं दीं और इस दौरान क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाए। वे प्रदेश खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष भी रहे और खादी को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वयं खादी वस्त्र पहनने वाले जसवाल युवाओं को भी खादी अपनाने के लिए प्रेरित करते रहे।

जिला परिषद सदस्य रहते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्राम पंचायत पट्टाबरावरी तक 12 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करवाने में अहम भूमिका निभाई थी। डीडी कश्यप ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने एक सच्चे और कर्मठ सिपाही को खो दिया है, जिसकी भरपाई करना बेहद कठिन है।

उन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को यह अपार दुख सहने की शक्ति देने की कामना की।

