अर्की के सागर ठाकुर ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में बॉक्सिंग में कांस्य पदक जीतकर फिर बढ़ाया क्षेत्र का मान

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत रोहांज-जलाणा के राहु गांव के युवा खिलाड़ी सागर ठाकुर ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में बॉक्सिंग में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव सहित समूचे क्षेत्र में खुशी की लहर है और सागर को हर ओर से बधाइयां मिल रही हैं।

यह प्रतियोगिता 4 से 15 मई तक बिहार राज्य के पटना, राजगीर, गया, भागलपुर और बेगूसराय में आयोजित की गई थी। हिमाचल प्रदेश से तीन बॉक्सिंग खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन किया। साई होस्टल बिलासपुर से सागर ठाकुर ने 70 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक, सुंदरनगर के अनिकेत ठाकुर ने ओपन कैटेगरी के 85 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक और सुंदरनगर के ही आर्यन ने 90 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक अपने नाम किया।

सागर ने अपनी यह उपलब्धि अपने स्वर्गीय दादा राधाकृष्ण ठाकुर को समर्पित की है, जिनका देहांत उनके जन्म से कुछ समय पहले ही हो गया था। वे समाज सेवा के लिए समर्पित जीवन जीते थे और पारिवारिक परंपराओं में उनके आदर्श आज भी जीवित हैं। सागर का मानना है कि उन्होंने अपने दादा को कभी देखा नहीं, लेकिन उनके बारे में सुनी बातें ही उनके जीवन की प्रेरणा बन गईं।

सागर ब्लू स्टार पब्लिक स्कूल अर्की के पूर्व छात्र हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य व शिक्षकों ने उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें स्कूल और क्षेत्र की प्रेरणा बताया। उनका कहना है कि सागर शुरू से ही मेहनती, अनुशासित और खेलों के प्रति गंभीर रहा है।

सागर के पिता विनोद ठाकुर हिमाचल पथ परिवहन निगम में वरिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता एक गृहिणी हैं। परिवार ने सागर को हमेशा सकारात्मक माहौल और नैतिक सहयोग दिया, जिससे वह अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ता रहा।

सागर के पूर्व कोच पुनीत पाठक ने भी अपने शिष्य की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए इसे अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का परिणाम बताया। क्षेत्रवासियों, पंचायत प्रतिनिधियों और शिक्षकों ने सागर को शुभकामनाएं दी हैं और कहा कि उनकी यह सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page