मानव कल्याण समिति अर्की की बैठक में संघर्ष विराम पर संतोष, जनसेवा को गति देने पर चर्चा

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- मानव कल्याण समिति अर्की की मासिक बैठक समिति के प्रधान राजिंदर गौतम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत भारत-पाक सीमा पर संघर्ष विराम की स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए हुई। समिति के सदस्यों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रभावित लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की और देश में स्थायी शांति की कामना की।

बैठक में समिति के सचिव राजेश कपाटिया ने जानकारी दी कि अमेरिका निवासी अनिवासी भारतीय अंबा शर्मा ने समिति को ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटरों की खरीद के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की है। जल्द ही ये उपकरण आम जनता के उपयोग हेतु उपलब्ध होंगे, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी।

समिति के संस्थापक डॉ. संत लाल शर्मा ने बताया कि अंबा शर्मा का अर्की से गहरा लगाव है। 1947 में अर्की में जन्मे शर्मा वर्षों से अमेरिका में रहते हुए भी अपने जन्मस्थान के लिए निरंतर सहयोग करते आ रहे हैं। समिति ने उनके इस योगदान के लिए विशेष आभार जताया।

बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि अर्की निवासी निशांत गुप्ता को समिति की नई सदस्यता प्रदान की जाएगी। समिति ने उम्मीद जताई कि उनके जुड़ने से कल्याणकारी गतिविधियों को और गति मिलेगी।

इस अवसर पर रोशन लाल वर्मा, सी.डी. बंसल, कंवर प्रेम सिंह पंवर, ओ.पी. शर्मा, रोहित शर्मा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने समिति के माध्यम से सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page