ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज : भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष रतन सिंह पाल ने लोहारघाट में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दौरे को पूरी तरह फ्लॉप करार दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की जनसभा के लिए विधायक संजय अवस्थी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा 15 दिनों की कड़ी मेहनत के बावजूद भीड़ जुटाने में विफल रहे। जनसभा में कम उपस्थिति को लेकर पाल ने कहा कि यह कांग्रेस सरकार की झूठी घोषणाओं और जनविरोधी नीतियों का परिणाम है।

रतन सिंह पाल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुक्खू की सरकार ने अर्की विधानसभा क्षेत्र में भाजपा शासनकाल में खोले गए कई संस्थानों को बंद कर दिया। इनमें दाड़लाघाट का बीडीओ कार्यालय, कुनिहार में जल शक्ति विभाग का सब-डिवीजन और जयनगर में लोक निर्माण विभाग का सब-डिवीजन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के इन फैसलों से क्षेत्र की जनता नाराज है और जनसभा में उनकी नाराजगी साफ नजर आई।

पाल ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने अपनी जनसभा में जनता से भगवान का वास्ता देकर समर्थन जुटाने की कोशिश की, लेकिन क्षेत्र की जनता अब झूठी घोषणाओं से गुमराह नहीं होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में अर्की क्षेत्र को करोड़ों रुपए की योजनाओं की सौगातें मिली थीं, लेकिन कांग्रेस सरकार ने बदले की भावना से इन संस्थानों को बंद कर जनता के साथ विश्वासघात किया है।

उन्होंने कहा कि अर्की की जनता झूठे वादों और घोषणाओं से तंग आ चुकी है और आने वाले समय में मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधायक को करारा जवाब देगी। पाल ने भरोसा जताया कि क्षेत्र की जनता भाजपा के साथ खड़ी है और अगले चुनाव में कांग्रेस को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।



