बागा करोग में महिलाओं के हुनर का गवाह बनी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं

ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज़:-दाड़लाघाट,अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बागा करोग में युवक मंडल बागा की ओर से आयोजित महिलाओं की खेलकूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिता में नारी शक्ति का उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर जिला सचिव सोलन कांग्रेस चौहान कृष्णा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। रविवार को बागा में महिला महाकुंभ प्रतियोगिता में 9 महिला मंडलों व दो महिला संगठनों के माध्यम से लगभग 350 महिलाओं ने भाग लिया। इसमें भाग लेने के लिए महिलाओं ने जोरदार उत्साह दिखाया।

चम्मच रेस व कबड्डी प्रतियोगिता जैसी मनोरंजक स्पर्धाओं में भाग लेने के साथ ही उन्होंने रस्साकशी में दमखम दिखाया। स्पर्धा के दौरान जहां महिलाएं हंसी से लोटपोट होती रहीं,वहीं रस्साकशी स्पर्धा में जोर लगा के जैसे नारों के बीच खूब दमखम दिखाया। इसके अलावा उन्होंने सांस्कृतिक प्रतियोगिता के तहत लोकनृत्य स्पर्धा में भाग लेकर गीत-संगीत के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा दिखाई।

मुख्यातिथि जिला सचिव कांग्रेस सोलन चौहान कृष्णा ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए खेलों में भाग लेना बेहद जरूरी है। मातृ शक्ति पर परिवार की कई तरह की जिम्मेदारियां होती हैं। इस कारण वह अपनी सेहत पर अधिक ध्यान नहीं दे पाती। महिलाओं के स्वास्थ्य और मनोरंजन की दृष्टि से युवक मंडल बागा ने एक नई पहल शुरू की है। इसके लिए वह बधाई के पात्र हैं। निर्णायक सनी ठाकुर व विकास ने बताया कि इस दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं करवाईं गई। महिला वर्ग की कबड्डी स्पर्धा में महिला मंडल मांगल की टीम विजेता और महिला मंडल समत्याड़ी की टीम उपविजेता रही। रस्शक्सी में आदर्श महिला मंडल बागा विजेता और महिला मंडल पडियार उपविजेता रहा।

समापन के मुख्यातिथि नगीन ठाकुर व राज ठाकुर ने विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर पुरस्कृत किया। इस अवसर पर स्थानीय पंचायत की प्रधान सुरेंद्रा पंवर,मांगल प्रधान उर्मिला देवी,उपप्रधान बागा श्याम लाल चौहान,उपप्रधान मांगल सीता राम ठाकुर,युवक मंडल प्रधान मस्त राम चौहान,राकेश चौहान,बलदेव राज चौहान,राकेश पंवर,बलवीर चौहान,हीरा लाल चौहान,सनी चौहान,लाल मन, हरीश,विकास,रमन,पुष्प,विकास,विवेक सहित अन्य मौजूद रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page