अर्की से सुरेश कश्यप की बड़ी बढ़त, सोलन बना शिमला लोकसभा क्षेत्र का सबसे बड़ा लीड देने वाला जिला

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- शिमला लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप की शानदार जीत में सोलन जिला सबसे बड़ा लीड देने वाला जिला रहा। शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों से कुल मिलाकर भाजपा प्रत्याशी को 90,548 मतों की बढ़त प्राप्त हुई जिसमें अकेले सोलन जिले से 52,106 मतों की लीड शामिल है।
अर्की विधानसभा क्षेत्र से सुरेश कश्यप को सबसे अधिक 15,484 मतों की लीड मिली, जहां भाजपा को 40,026 और कांग्रेस को 24,542 मत मिले।

सुरेश कश्यप की इस जीत में अर्की के कद्दावर नेता राजेन्द्र ठाकुर का हाल ही में भाजपा का दामन थामना अहम माना जा रहा है। ठाकुर ने 2022 के विधानसभा चुनावों में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में 26,075 वोट हासिल कर अपनी गहरी छाप छोड़ी थी। हाल ही में भाजपा में शामिल हुए ठाकुर ने कश्यप की जीत के लिए लगातार जनसंपर्क किया।
उनके भाजपा में आने से पार्टी का कुनबा बढ़ा और गुटों में बंटी अर्की भाजपा को एक मजबूत नेता मिला, जिससे संगठन में नई चुस्ती-फुर्ती देखने को मिली।


सोलन जिले के एकमात्र मंत्री और दो मुख्य संसदीय सचिव अपने-अपने हलकों में पिछड़ गए, जबकि भाजपा की कुशल रणनीति ने उन्हें मात दी। विपरीत परिस्थितियों में भी ‘मोदी मैजिक’ ने अपना असर दिखाया और पिछले विधानसभा चुनाव में सोलन जिले में भाजपा की हार का बदला लोकसभा चुनाव में चुकता किया।
मतगणना शुरू होते ही पहले राउंड से भाजपा को बढ़त मिलनी शुरू हो गई थी। सोलन जिला ही एकमात्र ऐसा जिला है, जहां कांग्रेस को किसी भी विधानसभा क्षेत्र में लीड नहीं मिली।
नालागढ़ निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा को 15,164 मतों की लीड मिली, जहां भाजपा को 40,283 और कांग्रेस को 25,119 मत प्राप्त हुए। सोलन में कांग्रेस के मंत्री डा. धनीराम शांडिल भी अपनी विधानसभा सीट की बढ़त को नहीं बचा पाए, और यहां भाजपा को 32,125 और कांग्रेस को 27,109 मत मिले। सोलन जिले के पांचों निर्वाचन क्षेत्रों से मिली कुल 52,106 मतों की लीड ने शिमला लोकसभा सीट पर भाजपा की जीत को सुनिश्चित किया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page