ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- शिमला मंडी राष्ट्रीय उच्च मार्ग भराड़ीघाट के समीप एक राहगीर बुजुर्ग व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग व्यक्ति की मृत्यु हो गई।

दाड़लाघाट थाना में इस संदर्भ में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया। पुलिस को दिए बयान में पेशे से डॉक्टर व सेवानिवृत्त होकर भराड़ीघाट में अपना निजी क्लीनिक चला रहे जेआर शर्मा निवासी भराड़ीघाट ने बताया कि रविवार सुबह करीब 12 बजे एक महिला अपने बच्चे की दवाई लेने के लिए आई थी। जब महिला क्लीनिक से बाहर निकली तो उसने देखा कि एक व्यक्ति घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा है। उसी समय एक ट्रक वहां से आगे दाड़लाघाट की तरफ जा रहा था। हादसे के दौरान आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और 108 की मदद से बुजुर्ग व्यक्ति को अर्की अस्तपाल ले जाया गया,जहां चिकित्सक ने बुजुर्ग व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। मृतक व्यक्ति की पहचान हेतराम सुपुत्र देवीराम निवासी बागा (रौड़ी) के रूप में हुई है। डीएसपी दाड़लाघाट संदीप शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उधर,मुख्य संसदीय सचिव व विधायक अर्की संजय अवस्थी,ब्लॉक कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप,मंडल उपाध्यक्ष मोहन सिंह ठाकुर,बाघल लैंड लूजर के पूर्व प्रधान जगदीश ठाकुर,पूर्व उपप्रधान राजेश गुप्ता,प्रेम केशव,मनोज गौतम,अनिल,कमलेश गौतम,बाबू राम शर्मा,लाला शंकर,सुरेंद्र शुक्ला,पंचायत समिति कुनिहार की अध्यक्षा सोमा कौंडल,पंचायत प्रधान रौड़ी रीना शर्मा,उपप्रधान जीत राम बिट्टू,प्रधान दाड़ला बंसी राम भाटिया,उपप्रधान हेमराज ठाकुर,बरायली प्रधान रीता शर्मा,उपप्रधान कृष्ण चन्द भट्टी सहित अन्य लोगों ने हेतराम ठाकुर के निधन पर दुःख जताया है।


