अर्की में निपुण भारत मिशन के तहत 57 शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान पर दिया जा रहा प्रशिक्षण, गतिविधि आधारित शिक्षण की आधुनिक तकनीकों से रूबरू हो रहे शिक्षक।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। खंड स्रोत समन्वयक कार्यालय (बीआरसी) अर्की में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान विषय पर पांच दिवसीय क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें शिक्षा खंड अर्की के 57 अध्यापक भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी सीमा बाला की अध्यक्षता में आयोजित हो रहा है। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को कक्षा पहली और दूसरी के विद्यार्थियों के लिए गतिविधि आधारित शिक्षण की आधुनिक विधियों में दक्ष बनाना है, ताकि बच्चों में प्रारंभिक स्तर पर भाषा और गणित की मजबूत नींव तैयार की जा सके।

प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को बच्चों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने, शिक्षण प्रक्रिया को रोचक एवं प्रभावी बनाने तथा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विषयों को सरलता से समझाने के तरीकों की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही कक्षाओं में आधुनिक शिक्षण तकनीकों के प्रभावी उपयोग पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम में स्रोत व्यक्ति के रूप में नरेंद्र कंवर, पूर्णचंद और कमल किशोर सहित अन्य प्रशिक्षक शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।
निपुण भारत मिशन का उद्देश्य प्रारंभिक कक्षाओं के विद्यार्थियों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान का विकास सुनिश्चित करना है। इस दिशा में शिक्षकों की क्षमता निर्माण और नवीन शिक्षण पद्धतियों का उपयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी शिक्षा प्रदान करने के लिए तैयार किया जा रहा है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page